एआई के इस्तेमाल का दावा, जांच शुरू

#LatestNews #BreakingNews #NewsUpdate #IndiaNews #HindiNews

गुजरात| के सूरत में कॉलेज की दो छात्राओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता एप चैट जीपीटी की मदद से आत्महत्या कर ली। उनके शव स्वामीनारायण मंदिर के बाथरूम में मिले। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटनास्थल से एनेस्थीसिया के इंजेक्शन बरामद किए गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि छात्राओं ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले चैट जीपीटी पर आत्महत्या करने के तरीकों का पता किया था। 18-20 वर्ष की उम्र की ये दोनों सहेलियां शुक्रवार दोपहर से लापता थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर सानिया गांव के पास मंदिर के बाहर उनका स्कूटर ढूंढ निकाला। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को मंदिर के बाथरूम की ओर जाते देखा गया। दरवाजा तोड़ने पर दोनों बेसुध मिलीं, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को छात्राओं के मोबाइल फोन की गैलरी से आत्महत्या से जुड़ी तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस इस कदम के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

बल्लारी में गुरुकुल हॉस्टल में छात्र का हमला, एक की मौत; कई बच्चे घायल

कर्नाटक के बल्लारी जिले में स्थित एक गुरुकुल आवासीय विद्यालय में देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, एक छात्र ने अचानक उग्र होकर अपने ही साथ पढ़ने वाले बच्चों पर हमला कर दिया। बताया गया कि रात के भोजन के बाद जब छात्रावास में सभी बच्चे सो रहे थे, उसी दौरान आरोपी छात्र ने हॉस्टल में मौजूद लोहे की बेड रॉड उठाकर अन्य छात्रों पर हमला शुरू कर दिया। वह जिसे भी सामने पाता, उस पर वार करता चला गया।

इस हमले में कुल आठ छात्र घायल हो गए। इनमें से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी छह बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बल्लारी पुलिस के मुताबिक यह घटना देर रात हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

महिलाओं को 4,596 करोड़ का सामाजिक ऋण देगा एसबीआई

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण पर केंद्रित 4,596 करोड़ रुपये (50 करोड़ डॉलर) की सिंडिकेटेड सामाजिक सावधि ऋण सुविधा शुरू करने का एलान किया है। एसबीआई चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा कि यह सामाजिक ऋण बैंक के सामाजिक और शासन सिद्धांतों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसमें महिलाओं के लिए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह वित्तपोषण सामाजिक बदलाव तेज करने पर केंद्रित है और लैंगिक अंतर कम करने की प्रतिबद्धता दर्शाता है। 

असम में 3.25 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त, 5 गिरफ्तार

असम के काछार जिले में 3.25 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई और इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार को दो वाहनों से हेरोइन बरामद होने के बाद की गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर काछार पुलिस ने सिलचर-कलैन रोड पर वाहनों को रोककर तलाशी ली। पुलिस ने कुल 538 ग्राम हेरोइन जब्त की और पांच तस्करों को हिरासत में लिया। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि असम की नशा विरोधी लड़ाई बिना किसी समझौते के जारी रहेगी, जब तक राज्य पूरी तरह से ड्रग-फ्री नहीं बन जाता।

केरल सरकार ने जंगली सूअर शिकार आदेश को एक वर्ष के लिए बढ़ाया

केरल सरकार ने जंगली सूअरों के नियंत्रित शिकार के आदेश की वैधता एक वर्ष तक बढ़ा दी है। यह आदेश उन सूअरों पर लागू होगा जो मानव बस्तियों में घुसकर जान, संपत्ति और फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं।राज्य के वन विभाग की हालिया गाइडलाइन के अनुसार, यह आदेश 28 मई 2026 तक लागू रहेगा। चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन ने इस विस्तार की सिफारिश की, क्योंकि राज्य के कई हिस्सों में जंगली सूअरों की उपस्थिति बनी हुई है और लोगों व कृषि को खतरे से बचाना जरूरी है।

केरल तट पर मछली पकड़ने वाली नाव डूबने से दो लापता

केरल के कोल्लम तट के पास मछली पकड़ने वाली नाव सेंट जोसेफ के एक जहाज से टकराने के बाद डूब गई। हादसे में दो नाविक लापता हैं, जबकि नौ अन्य को जहाज द्वारा बचाया गया। पुलिस के अनुसार, नाव में कुल 11 क्रू मेंबर थे, सभी अन्य राज्यों के रहने वाले और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए गए थे। नाव शुक्रवार रात शक्तिकुलंगारा हार्बर से रवाना हुई थी।

हादसा शनिवार को समुद्र के लगभग 120 नौटिकल मील दूर हुआ। टक्कर के कारण नाव को गंभीर नुकसान हुआ और वह जल्दी ही डूब गई। बचाए गए नौ नाविकों को जल्द ही कोच्चि या तिरुवनंतपुरम के विजिन्जम लाया जाएगा। पुलिस ने कहा कि बचाए गए नाविकों के बयान दर्ज करने के बाद ही मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने पर TMC महिला कार्यकर्ताओं का विरोध मार्च

कोलकाता में रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने रविवार को विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने बर्तन बजाकर महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया और घरेलू रसोई पर बढ़ते बोझ को उजागर किया।

यह मार्च मध्य कोलकाता के सुभोध मुल्लिक स्क्वायर से शुरू हुआ। इसमें राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और शशि पांजा, टीएमसी सांसद माला रॉय समेत कई महिला नेता और पार्षद शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने काले कपड़े पहनकर रैली निकाली और बर्तन बजाते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का विरोध किया। उनका कहना था कि रसोई की जिम्मेदारी अधिकतर महिलाओं पर होती है और महंगाई का सबसे ज्यादा असर उन्हीं पर पड़ता है।

केरल में शराब की दुकानों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार का घेराव

केरल कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस (केसीबीसी) ने राज्य में शराब की दुकानों की बढ़ती संख्या और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर सरकार की आलोचना की है। केसीबीसी की टेम्परेंस कमीशन ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया, जिसे रविवार को राज्य के विभिन्न कैथोलिक चर्चों में पढ़कर सुनाया गया।

कमीशन के अध्यक्ष बिशप एम्ब्रोस पुथेनवीटिल ने कहा कि केरल में कैथोलिक चर्च के 32 डायोसीज में शराब और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। परिपत्र में कहा गया कि चर्च और सामाजिक संगठन लगातार शराब और ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन इन पर रोक लगाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है। इसके विपरीत राज्य में शराब के आउटलेट लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को राज्य भर के चर्चों में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ एंटी-लिकर और एंटी-ड्रग डे भी मनाया गया।

कहानी दमदार, अभिनय शानदार; फिर बॉक्स ऑफिस पर क्यों पिछड़ जाती हैं महिला केंद्रित हिंदी फिल्में?

#LatestBollywoodNews #BollywoodNews #BollywoodUpdate #BollywoodNews #BollywoodHindiNews

‘पुरुषों की दुनिया में आगे बढ़ने वाली महिला खास होती हैं’ अमेरिकन सिंगर रिहाना का कहा गया यह कथन हिंदी सिनेमा में अब तक सच नहीं हुआ। 21वीं सदी में आकर भी दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले बॉलीवुड में महिला केंद्रित कहानी अपने लिए जगह बनाने की कोशिश में लगी हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्में सफलता से कोसों दूर हैं। ऐसा नहीं है कि महिला कलाकार या निर्देशक सार्थक प्रयास नहीं कर रहे हैं। दरअसल, इस स्थिति के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं। जानिए, वो कारण क्या हैं?

‘अस्सी’ और ‘मर्दानी 3’ की पहल गई बेकार 

इस साल अब तक दो महिला केंद्रित हिंदी फिल्में रिलीज हुईं, तापसी पन्नू की ‘अस्सी’ और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’। दोनों ही फिल्मों में महिलाओं से जुड़े संवेदनशील विषय को उठाया गया है। फिल्म ‘अस्सी’ दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध पर बात करती है, वहीं ‘मर्दानी 3’ बच्चों की तस्करी जैसा मुद्दा उठाती है। दोनों कहानियां भीतर तक झकझोरती हैं। लेकिन इनके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को देखें तो पता चलता है कि दर्शक इनसे दूरी बनाकर चले। 

कमजोर कलेक्शन ने तोड़ दी उम्मीदें 

फिल्म ‘अस्सी’ ने रिलीज के 16वें दिन तक सिर्फ 10 करोड़ रुपये कमाए। वहीं रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ ने 37वें दिन तक 50.36 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया है। पिछले साल काजोल की फिल्म ‘मां’ थिएटर में रिलीज हुई। वहीं ओटीटी पर ‘मिसेज’ जैसी फिल्म देखने को मिली। हर साल चंद महिला केंद्रित फिल्में ही दर्शकों को देखने को मिलती हैं, ऐसे में सफलता का आंकड़ा भी सीमित है। प्रोड्यूसर अब भी वुमन सेंट्रिक फिल्मों में दावा खेलने से बचते हैं। 

क्या है प्रमुख कारण?

सवाल है कि सिर्फ इस बात का अफसोस मनाया जाए कि महिला केंद्रित फिल्में दर्शकों को पसंद नहीं है तो हकीकत इसके उल्ट है। दर्शकों के लिए फिल्म सिर्फ फिल्म होती है। कंगना रनौत की फिल्म ‘क्वीन’, ‘तनु वेड्स मनु’, तापसी पन्नू की ‘पिंक’, श्रीदेवी की ‘इंग्लिश विंग्लिश’, आलिया भट्ट की ‘राजी’ और ‘गंंगू बाई काठियावाड़ी’ और ‘लापता लेडीज’ इस बात उदाहरण हैं। ये फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आईं। अपने मैसेज को भी दर्शकों तक बखूबी पहुंचाती हैं। लेकिन ऐसे कई कारण अब भी मौजूद हैं, जो महिला केंद्रित फिल्मों की राह को मुश्किल बनाते हैं। फीमेल ऑडियंस का थिएटर तक ना पहुंच पाना: आज भी आधी आबादी का एक बड़ा हिस्सा थिएटर तक पहुंच नहीं रखता है। इसके पीछे आर्थिक स्वतंत्रता की कमी एक बड़ी वजह है। महिलाओं का एक बड़ा तबका आज भी आर्थिक रूप से संपन्न होने के लिए संघर्ष कर रहा है। ऐसे में थिएटर पहुंचकर महिला केंद्रित फिल्में देखना, उनकी प्राथमिकताओं में शामिल नहीं हो पाया है। महिला निर्देशकों को कमी: सिनेमा जगत खासकर बॉलीवुड में धीरे-धीरे महिलाएं अभिनय के अलावा कई फील्ड में अपने लिए जगह बना रही हैं। कई महिला निर्देशक हमारे दौर में मौजूद हैं। लेकिन यह संख्या गिनती की है। आज भी महिला केंद्रित फिल्मों को पुरुष निर्देशक बनाते हैं। जब कोई पुरुष महिला विषय पर बात करेगा तो कहीं ना कहीं उतनी संवेदनशीलता पर्दे पर नजर नहीं आएगी जो दिखनी चाहिए। एक स्त्री की भावनाओं को एक स्त्री के नजरिए से जब निर्देशित किया जाएगा तो उसका असर गहरा होगा। गौरी शिंदे की फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ और किरण राव की ‘लापता लेडीज’ इस बात का सफल उदाहरण हैं। दोनों फिल्मों में बहुत बारीकी और गहराई से महिलाओं की सोच और भावनाओं को व्यक्त किया गया है। पितृसत्तात्मक सोच का हावी होना : बॉलीवुड हो या दर्शक इन पर कहीं ना कहीं आज भी पितृसत्तात्मक सोच हावी है। एक बड़ा पुरुष वर्ग बड़े पर्दे पर महिला केंद्रित कहानी देखकर असहज हो जाता है। दरअसल, कहानी में पुरुष समाज और पितृसत्ता की सच्चाई वह देखना नहीं चाहते हैं। फिल्म ‘मिसेज’ जब रिलीज हुई थी तो सोशल मीडिया पर पुरुष समाज का एक बड़ा वर्ग इसके खिलाफ बातें करता देखा गया। जबकि यह फिल्म एक साधारण सी कहानी के जरिए बड़े सवाल करती है। पितृसत्ता पर गहरी चोट करती है। बॉलीवुड में भी अधिकतर प्रोड्यूसर, कंपनियां भी पुरुषों द्वारा चलाई जा रही हैं, ऐसे में वह अपना पैसा सुरक्षित तरीके से निवेश करते हैं। महिला केंद्रित फिल्मों पर दावा खेलने की बजाय बड़े हीरो को लेकर मसाला फिल्में बनाते हैं।निष्कर्ष यही है कि सिनेमा में भी आधी आबादी को एक लंबा सफर आगे तय करना है। अपने लिए, अपनी कहानियों के लिए बड़े पर्दे पर जगह बनानी है। 

समापन समारोह के कारण बदलेगा समय? यहां जानें लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल

#LatestsportNews #sportNews #sportUpdate #technlogyNews #sportHindiNews

बेहद प्रतिभाशाली और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले टी20 विश्व कप के फाइनल में इतिहास रचने की उम्मीदों का बोझ होगा। भले ही सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम का पलड़ा भारी माना जा रहा है, लेकिन खिताबी मुकाबले का दबाव अलग स्तर का होता है और कीवियों ने सेमीफाइनल में जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। 

जब अहमदाबाद में टूटे थे दिल 

दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियमों में से एक नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत को 19 नवंबर 2023 को बड़ा झटका लगा था जब वह ऑस्ट्रेलिया से वनडे विश्व कप का फाइनल हार गया था। तब भारत ने भावुक नम आंखों वाले रोहित शर्मा को ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियों पर चढ़ते हुए देखा था। केवल भारतीय टीम ही नहीं बल्कि स्टेडियम में मौजूद 93000 दर्शक भी सन्न रह गए थे। भारत ने हालांकि 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतकर इसकी काफी हद तक भरपाई कर दी थी। अब खेल के सबसे छोटे प्रारूप की भारतीय टीम सूर्यकुमार की कप्तानी में खिताब का बचाव करने और इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश करेगी।

मैच से पहले होगा समापन समारोह

अहमदाबाद में फाइनल मुकाबले से ठीक पहले समापन समारोह का आयोजन होगा। आईसीसी ने बताया है कि समापन समारोह में रिकी मार्टिन, सुखबीर और फालगुनी पाठक प्रस्तुति पेश करेंगे और अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आईसीसी के अनुसार, समापन समारोह शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। इस मैच को देखने आने वाले दर्शकों के लिए आईसीसी ने बताया कि स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खुल जाएंगे। समापन समारोह मैच शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले होगा, इसका मतलब है कि मुकाबला अपने तय समय से ही शुरू होगा। 

हम यहां आपको भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप के फाइनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं…

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच कब खेला जाएगा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच 08 फरवरी यानी रविवार को खेला जाएगा।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच कहां खेला जाएगा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच कितने बजे से खेला जाएगा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होगा। 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच कहां देख पाएंगे?

टी20 विश्व कप के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।

बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरल स्टोरी 2’ का दबदबा, ‘चरक’, ‘अस्सी’ और ‘ओ रोमियो’ की कमाई कैसी?

#LatestBollywoodNews #BollywoodNews #BollywoodUpdate #BollywoodNews #BollywoodHindiNews

इन दिनों सिनेमाघरों में कई फिल्में चल रही हैं। हालांकि कोई ऐसी फिल्म नहीं है जो बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा कलेक्शन कर पाए। शनिवार को ‘चरक’ का कलेक्शन बढ़ा है। ‘अस्सी’ के कलेक्शन में भी बढ़ोतरी हुई है। ‘द केरल स्टोरी 2’ और ‘ओ रोमियो’ को भी वीकएंड का फायदा मिला है।

चरक

फिल्म ‘चरक’ 6 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म की बहुत ज्यादा चर्चा नहीं थी। बॉक्स ऑफिस पर भी इसका असर दिख रहा है। पहले दिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया। दूसरे दिन इस फिल्म ने 15 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। इस तरह से इस फिल्म ने अब तक 25 लाख रुपये का कलेक्शन कर लिया है।

द केरल स्टोरी 2

‘द केरल स्टोरी 2’ 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। नौवें दिन इस फिल्म को वीकएंड का फायदा मिला है। शनिवार को फिल्म ने 3.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शुक्रवार को इसका कलेक्शन 2.75 करोड़ रुपये था। इसका टोटल कलेक्शन 29.75 करोड़ रुपये हो गया है।

अस्सी

अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अस्सी’ धीमी रफ्तार से बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर रही है। सोलहवें दिन यानी शनिवार को इस फिल्म ने 30 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। शुक्रवार को इसकी कमाई 30 लाख रुपये रही थी। बॉक्स ऑफिस पर इसने अब तक 10.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।

ओ रोमियो

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की अदाकारी वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ अब भी बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है। इस फिल्म ने 23वें दिन 70 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। शुक्रवार को इसने 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने अब तक 69.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।

Previous articleकहानी दमदार, अभिनय शानदार; फिर बॉक्स ऑफिस पर क्यों पिछड़ जाती हैं महिला केंद्रित हिंदी फिल्में?
News Desk

पीएम मोदी आज खोलेंगे दो नए कॉरिडोर, परियोजना की लागत 33,500 करोड़

#LatestराजनीतिNews #राजनीतिNews #राजनीतिUpdate #राजनीतिNews #BollywoodHindiNews

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बुनियादी ढांचे और ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 8 मार्च को लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. दोपहर करीब 12 बजे आयोजित होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में नवनिर्मित GPRA टाइप-5 आवासों का दौरा करेंगे और महिला आवंटियों को उनके घरों की चाबियाँ सौंपेंगे. बुराड़ी स्थित निरंकारी ग्राउंड में आयोजित समारोह की तैयारियों का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार शाम को जायज लिया था.

प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के लगभग 18,300 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उपहार देंगे. इसमें दो प्रमुख कॉरिडोर का उद्घाटन शामिल है. पिंक लाइन पर तैयार मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (12.3 किमी) और मजेंटा लाइन दीपाली चौक से मजलिस पार्क (9.9 किमी) लाइन आज से आम लोगों के लिए चालू हो जाएगा. मेट्रो के इस विस्तार से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक और हैदरपुर बादली मोड़ जैसे इलाकों के लाखों यात्रियों का सफर आसान होगा.

दो नए मेट्रो कॉरिडोर चालू होने से पिंक लाइन बन जाएगी रिंग मेट्रो: मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है और इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन हैं. यह कॉरिडोर पहले से संचालित मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है. इस सेक्शन के जुड़ने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ मिलेगी. इस कॉरिडोर पर मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन होंगे.

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है जिसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है और इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन हैं. यह कॉरिडोर पहले से संचालित बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है. इसके जुड़ने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी. इस सेक्शन पर दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशन होंगे. मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण में यमुना नदी पर एक नए पुल का निर्माण करना पड़ा और डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर को एक साथ समाहित किया गया है. यह दिल्ली मेट्रो का यमुना नदी पर पांचवां पुल है.

पीएम करेंगे मेट्रो के पांचवें चरण के तहत तीन कॉरिडोर का शिलान्यास: प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का भी शिलान्यास किया जाएगा, जिससे दिल्लीवासियों की यात्रा और अधिक सुगम होगी. इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं. रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की लंबाई 9.913 किलोमीटर होगी और यह भूमिगत बनाया जाएगा.

सरकारी आवासों का कायाकल्प (GPRA पुनर्विकास): इसमें नौ नए स्टेशन होंगे जिनमें आर. के. आश्रम मार्ग (निर्माणाधीन), शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन शामिल हैं. यह कॉरिडोर कर्तव्य भवनों, भारत मंडपम और युगे-युगेन भारत संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थलों को मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार की लंबाई 2.263 किलोमीटर होगी और यह भूमिगत बनाया जाएगा. इसमें एक नया स्टेशन होगा और दोनों पहले से संचालित स्टेशनों को आपस में जोड़ा जाएगा. तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार की लंबाई 3.9 किलोमीटर होगी और यह एलिवेटेड कॉरिडोर होगा. इसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे.

प्रधानमंत्री करीब 15,200 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसे क्षेत्रों में आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया है. इन परियोजनाओं की सबसे बड़ी विशेषता इनका स्व-वित्तीय मॉडल है. सरकार ने परियोजना के एक सीमित हिस्से का व्यावसायिक उपयोग कर राजस्व जुटाया है, जिससे सार्वजनिक खजाने पर बिना भार डाले 9,350 आधुनिक फ्लैट और 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र तैयार किया गया है.

टी20 वर्ल्ड कप में परफॉर्मेंस को लेकर उत्साहित फाल्गुनी पाठक और सुखबीर, सिंगर बोलीं- कई रातों से नहीं सोई

#LatestsportNews #sportNews #sportUpdate #technlogyNews #sportHindiNews

रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला होने वाला है। इससे पहले क्लोजिंग सेरेमनी में सिंगर फाल्गुनी पाठक परफॉर्म करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला है। इस बीच सिंगर ने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में फैंस के सामने परफॉर्म करने को लेकर अपने उत्साह के बारे में बताया है।

इतनी रातों से नहीं सोईं

एएनआई से बात करते हुए पाठक ने कहा ‘मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं दो रातों से सोई नहीं हूं। दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वर्ल्ड कप के लिए इतने दर्शकों के सामने परफॉर्म करने का यह मेरा पहला अनुभव होगा। मैं बहुत, बहुत उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा।’

सिंगर ने जताई उम्मीद

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। कल दुनिया भर से फैंस होंगे। मैं भी उनमें से एक हूं। मैं कल के मैच का मजा लूंगी। मुझे यकीन है, भगवान ने चाहा तो भारत यानी हम जीतेंगे।’

उत्साहित हैं सुखबीर सिंह

सिंगर सुखबीर सिंह भी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाले हैं। 
इससे पहले उन्होंने कहा ‘मैं बहुत उत्साहित हूं क्योंकि मैंने कभी क्रिकेट दर्शकों के लिए परफॉर्म नहीं किया है। यह परफॉर्मेंस बहुत खास होगी…’

Vijay Deverakonda: विजय देवरकोंडा की तारीफ में अंकल ने पढे़ कसीदे, वायरल हो रही पोस्ट; जानें ऐसा क्या लिखा?

कड़ा होने वाला है मुकाबला

आपको बता दें भारत और न्यूजीलैंड आज आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के तहत आमने-सामने होंगे। भारत का मकसद तीन टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास बनाना होगा। दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड भारत की मजबूत बैटिंग लाइन-अप को रोकने की कोशिश करेगा। दोनों टीमें अपने पिछले मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद फाइनल में पहुंची हैं।

बिहार में सीएम चेहरे को लेकर हलचल तेज………शाह ने सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया 

#LatestराजनीतिNews #राजनीतिNews #राजनीतिUpdate #राजनीतिNews #BollywoodHindiNews

पटना । बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया है। दोनों नेताओं के बीच बैठक होने वाली है। यह बैठक तब हो रही है, जब राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा जारी हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हो सकता है।
दरअसल, नीतीश ने हाल ही में पटना में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शाह भी मौजूद थे। नीतीश ने बताया कि वे अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। इसके बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तब बिहार में नई सरकार का गठन होगा और नए मुख्यमंत्री का चयन होगा।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने संभावित मुख्यमंत्री के नामों पर विचार-विमर्श शुरू किया है। फिलहाल सम्राट चौधरी को इस दौड़ में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वे वर्तमान में बिहार सरकार में डिप्टी सीएम हैं और गृह विभाग भी संभाल रहे हैं, जो पहले नीतीश कुमार के पास था। इसके अलावा उनका संबंध पिछड़ा वर्ग की कुशवाहा जाति से है, जिससे उन्हें सामाजिक समीकरणों के लिहाज से मजबूत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में एक और नाम केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का भी चर्चा में है। वे भाजपा के प्रमुख यादव चेहरे माने जाते हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व किसी नए चेहरे को भी सामने ला सकता है, जैसा कि उसने हाल के वर्षों में कई राज्यों में किया है। इधर, जेडीयू की बैठक में महत्वपूर्ण फैसला हुआ है। बैठक में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर भी सहमति बनी है। इससे राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। बिहार में राज्यसभा की पाँच सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होने हैं। अप्रैल में मौजूदा सांसदों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए सदस्यों का कार्यकाल शुरू होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। फिलहाल अमित शाह और सम्राट चौधरी की दिल्ली बैठक को इसी राजनीतिक प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है।

Previous articleपति की हत्या की साजिश: मुरैना में पत्नी ने नवजात बेटे की कसम देकर प्रेमी से करवाई वारदात
News Desk

  गुलाल निर्माण इकाई में आग लगने से चार महिला श्रमिकों की मौत

#LatestNews #BreakingNews #NewsUpdate #IndiaNews #HindiNews

जींद। हरियाणा के जींद जिले में एक गुलाल निर्माण इकाई में आग लगने से चार महिला श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आग कथित तौर पर कारखाने के प्रवेश द्वार पर लगी और उसके बाद धुआं फैक्टरी के अंदर फैल गया। यह फैक्टरी सफीदों की भाट कॉलोनी के एक आवासीय क्षेत्र में स्थित है। 
पुलिस ने बताया कि कुछ मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए कारखाने की छत से छलांग लगा दी। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से जलती फैक्टरी से श्रमिकों को बचाने के लिए एक चारदीवारी तोड़ दी। पुलिस ने बताया कि आग बुझाने के लिए कई दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया, जबकि पीड़ितों को विभिन्न अस्पतालों में ले जाने के लिए एम्बुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। 
हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।  आग लगने से चार महिला कामगारों की मौत हो गई। इनमें से तीन की उम्र लगभग 50 वर्ष, जबकि चौथी महिला 36 वर्ष की थी। इस घटना में करीब 10-11 लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Previous articleदिल्ली मेट्रो विस्तार: पीएम मोदी आज खोलेंगे दो नए कॉरिडोर, परियोजना की लागत 33,500 करोड़
Next articleएपस्टीन ने कराई थी ट्रम्प से मुलाकात, नाबालिग थी जब दोनों ने किया यौन शोषण
News Desk

अन्ना हजारे की पीएम मोदी से अपील, कहा- भारत आगे बढ़कर मिडिल ईस्ट युद्ध रोकने की पहल करे

#LatestराजनीतिNews #राजनीतिNews #राजनीतिUpdate #राजनीतिNews #BollywoodHindiNews

मुंबई। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे  ने प्रधानमंत्री पीएम मोदी को पत्र लिखकर भारत से शांति स्थापना के लिए मिडिल ईस्ट युद्ध रोकने की पहल करने की अपील की है।
अन्ना हजारे ने अपने पत्र में कहा कि विभिन्न देशों के बीच बढ़ता सैन्य टकराव बेहद चिंताजनक स्थिति पैदा कर रहा है। उनका कहना है कि युद्ध का सबसे ज्यादा असर आम नागरिकों पर पड़ता है, खासकर महिलाओं और बच्चों पर। उन्होंने लिखा कि युद्ध की खबरें बेहद दर्दनाक हैं और कई निर्दोष परिवार इसकी चपेट में आ रहे हैं।
अन्ना हजारे ने अपने संदेश में भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि देश हमेशा से अहिंसा और संवाद का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया को हथियारों और युद्ध की नहीं, बल्कि विश्वास, बातचीत और समझौते की जरूरत है। उनके अनुसार युद्ध केवल विनाश लाता है, जबकि संवाद से स्थायी समाधान निकल सकता है।
अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि भारत तटस्थ रहते हुए वैश्विक शांति के लिए पहल करे। उन्होंने लिखा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हुई है और कई मुद्दों पर देश ने सकारात्मक योगदान दिया है। ऐसे में अगर भारत शांति और मानवता के पक्ष में आगे आएगा तो यह पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा बन सकता है।

Previous articleमायावती को पीएम बनाने की बात सिर्फ बयान नहीं, अखिलेश की सियासी रणनीति में छिपा है नीतीश फैक्टर
Next articleप्रदेश में सक्रिय हुआ अल नीनो, मार्च में 40 डिग्री के पार जा सकता है पारा
News Desk

मैं उन सभी संतों के साथ हूं जो गो माता, गीता और सनातन की बात करते हैं: धीरेंद्र शास्त्री

#LatestNews #BreakingNews #NewsUpdate #IndiaNews #HindiNews

वाराणसी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी संतों के साथ हूं जो गो माता, गीता और सनातन की बात करते हैं। शंकराचार्य ने गाय का मुद्दा उठाया है। पूरे देश में गो माता को लेकर अभियान चल रहा है। हम गो सेवक होने के नाते उनका नैतिक रूप से समर्थन करते हैं। लेकिन लखनऊ के लिए हमें आमंत्रण नहीं मिला है। मैं एक महीने के लिए एकांतवास के लिए जा रहा हूं। धीरेंद्र शात्री शुक्रवार को अपनी मां के साथ काशी पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्ननाथ के दर्शन किए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम योगी से टकराव के बीच शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद गो, गंगा और सनातन की रक्षा के लिए 11 मार्च को लखनऊ में सभा करेंगे। हालांकि अभी उन्हें सभा की परमिशन नहीं मिली है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी काशी में थे। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या शंकराचार्य को सभा करने की अनुमति मिलेगी? इस पर केशव ने कहा कि परमिशन देना मेरा काम नहीं है। इसके बाद उन्होंने इस मसले पर चुप्पी साध ली। धीरेंद्र शास्त्री ने प्रशंसकों को सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि काशी आना उनके लिए हमेशा विशेष अनुभव रहता है, क्योंकि यह भगवान शिव की नगरी है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे देश को प्रेरित करती है।
उन्होंने इंडियन क्रिकेट टीम के फाइनल में पहुंचने पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि इंडियन टीम निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी और देश का नाम रोशन करेगी। शास्त्री ने यह भी कहा कि भारत की सनातन की विचारधारा से पूरे विश्व में शांति आ सकती है। सनातन की संस्कृति में वह ताकत है कि वह विश्व में शांति और संतुलन बना सकती है।

Previous article ममता बनर्जी ने कहा- बंगाल चुनावों से पहले राजनीति कर रही राष्ट्रपति
Next articleईरान पर स्ट्राइक का असर अब अमेरिका पर दिखा, तेल भंडार हो गया खाली!
News Desk