15.1 C
London
Sunday, April 12, 2026
HomeLatest NewsIND vs NZ फाइनल में किसे मिलेगा मौका? वरुण-कुलदीप के बीच चयन...

IND vs NZ फाइनल में किसे मिलेगा मौका? वरुण-कुलदीप के बीच चयन की माथापच्ची

#LatestsportNews #sportNews #sportUpdate #technlogyNews #sportHindiNews

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का मुकाबला न्यूजीलैंड से होना है। मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले से पहले भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म बड़ी समस्या बनकर उभरी है। 

वरुण की मिस्ट्री हुई खत्म?

वरुण चक्रवर्ती को एक ‘मिस्ट्री गेंदबाज’ के रूप में लोकप्रियता मिली है। उनकी लेग स्पिन को समझ पाना बल्लेबाजों के लिए कड़ी परीक्षा से कम नहीं रहा है। अपनी रहस्यमयी गेंदबाजी के दम पर आईपीएल और फिर पिछले दोसाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की है। टी20 फॉर्मेट में आईसीसी रैंकिंग में वह पहले स्थान पर हैं। वरुण की वजह से कुलदीप यादव जैसे गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा रहा है, लेकिन टी20 विश्व कप में वरुण की रहस्यमयी गेंदबाजी का तोड़ संभवतः विपक्षी गेंदबाजों ने ढूंढ लिया है। वरुण ने टी20 विश्वकप 2026 टूर्नामेंट में अब तक आठ मैचों में 13 विकेट लिए हैं, लेकिन हाल के मैचों में उनकी गेंदबाजी का असर कम होता दिखा है। 

छोटी टीमों के खिलाफ असरदार थे वरुण

ग्रुप स्टेज में छोटी टीमों के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती असरदार रहे थे और चार मैचों में नौ विकेट निकाले थे, लेकिन सुपर-8 में पहुंचते ही उनका करिश्मा जैसे समाप्त हो गया है। विपक्षी टीम के बल्लेबाज उनकी गेंदों को आसानी से पढ़ पा रहे हैं और बिना किसी परेशानी के उनपर बड़ी हिट लगा रहे हैं। सुपर-8 के तीन मैचों में मंहगे रहते हुए महज तीन विकेट लेने वाले वरुण के लिए इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल तो बेहद निराशाजनक और भूलने वाला रहा। सेमीफाइनल में दाएं हाथ के इस स्पिनर ने चार ओवर में 64 रन देकर एक विकेट लिया। उनकी असरहीन गेंदबाजी की वजह से भारत का मैच फंस गया था। उसी मैच में जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 33 रन देकर टीम को संभाला। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में वरुण ने चार ओवर में 40 रन खर्च किए थे, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ भी उन्होंने चार ओवर में 35 रन दिए थे।

सूर्यकुमार को ही वरुण की मिस्ट्री पर भरोसा

खैर, भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। अब देखना होगा कि पिछले चार मैचों में बिल्कुल निष्प्रभावी रहे वरुण को हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव फाइनल की प्लेइंग इलेवन में बनाए रखते हैं या उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका देते हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव लगातार वरुण के मिस्ट्री स्पिन पर भरोसा जताते रहे हैं। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि उनकी अनोखी गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों की लय बिगाड़ सकती है, खासकर न्यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर के खिलाफ। वरुण मिडिल ओवरों में आक्रामक गेंदबाजी करने की भूमिका निभाते हैं और जरूरत पड़ने पर पावरप्ले में भी गेंदबाजी कर सकते हैं। इसके अलावा टीम मैनेजमेंट आमतौर पर जीतती हुई टीम में ज्यादा बदलाव करने से बचता है।

मौजूदा समय में बेस्ट रिस्ट स्पिनर हैं कुलदीप

कुलदीप यादव को मौका बेशक न मिला हो, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि वह मौजूदा समय में कलाई के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। कुलदीप को बड़े मैचों में खेलने का अनुभव है और उन्होंने अपने दम पर भारतीय टीम को जीत भी दिलाई है। इसलिए अगर उन्हें फाइनल में वरुण की जगह मौका मिलता है तो इसमें किसी को कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए। 54 टी20 मैचों में 95 विकेट ले चुके कुलदीप ने टी20 विश्व कप 2026 में एकमात्र मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला है। इस मैच में उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की थी और तीन ओवर में 14 रन देकर एक विकेट लिया था। कुलदीप का अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। 2023 वनडे विश्वकप के दौरान भी कुलदीप ने इसी मैदान पर मिडिल ओवरों में शानदार गेंदबाजी की थी। उनकी फ्लाइट और टर्न बड़े मैदान पर बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है।

अभिषेक शर्मा पर भी नजर

टीम चयन को लेकर एक और दिलचस्प पहलू अभिषेक शर्मा से जुड़ा है। उन्हें इस टूर्नामेंट में ज्यादा मौके मिले हैं, जबकि उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है।ऐसे में फाइनल से पहले टीम संयोजन को लेकर चर्चा तेज है। उनकी ऑफ स्पिन के खिलाफ कमजोरी को सबने उजागर किया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद से अभिषेक एक ही पैटर्न में आउट हुए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट की इस पर भी नजर होगी। हालांकि, फाइनल में एक बार फिर अभिषेक पर भरोसा जताया जा सकता है।

बिना किसी बदलाव के उतर सकती है कीवी टीम

वहीं, न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धमाकेदार जीत हासिल की थी। द. अफ्रीका को कम स्कोर पर रोकने के बाद टीम के ओपनरों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। टिम साइफर्ट और फिन एलेन फॉर्म में आ चुके हैं। साइफर्ट ने अर्धशतक और एलेन ने शतक लगाया था। इसके अलावा न्यूजीलैंड के पास स्पिन और पेसर्स का अच्छा संतुलन है। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतर सकती है। दोनों टीमों के स्पिनरों की तुलना की जाए तो न्यूजीलैंड के स्पिनर्स ज्यादा असरदार और अच्छे वेरिएशन वाले हैं। ऐसे में स्पिन पिच बनाना भारत के लिए खतरा होगा। 

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्की, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन।

How Ajeesh Naduvilottil is Quietly Influencing India’s Digital Economy

While not always in the public spotlight, Ajeesh Naduvilottil’s influence can be seen across India’s digital ecosystem. Through his business networks, his services connect...

From Challenges to Success: Dr. Raju Akurathi’s Inspiring Story

Overcoming financial and social challenges, Dr. Raju Akurathi built a successful career through determination and innovation. His work in employment generation is helping thousands...