4 C
London
Wednesday, February 4, 2026
HomeLatest Newsटीम इंडिया पसंदीदा, पर कागजों पर कौन है सर्वश्रेष्ठ? इन आठ में...

टीम इंडिया पसंदीदा, पर कागजों पर कौन है सर्वश्रेष्ठ? इन आठ में से सात आंकड़ों पर भारत का दबदबा

#LatestsportNews #sportNews #sportUpdate #technlogyNews #sportHindiNews

टी20 विश्व कप के 10वें संस्करण की शुरुआत सात फरवरी से होने जा रही है। कुल 20 टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं। बांग्लादेश के बाहर होने और पाकिस्तान के ड्रामे के बीच यह टूर्नामेंट सुर्खियों में है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले ग्रुप मैच को खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान को शायद भारत के खिलाफ विश्व कप में एक और हार का डर सता रहा है, यही वजह है कि उसने मैच के बहिष्कार का रास्ता चुना। भारतीय टीम ने 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीता था और इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी। टीम इंडिया टी20 में विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। पाकिस्तान को उसने वनडे और टी20, दोनों तरह के विश्व कप को मिलाकर 16 में से 15 बार हराया है और सिर्फ एक बार भारतीय टीम को हार मिली है। भारत उन तीन टीमों में शामिल है, जिसने टी20 विश्व कप दो-दो बार जीते हैं। टीम इंडिया के अलावा इस लिस्ट में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज हैं। इतना ही नहीं, भारत के पास टी20 में सबसे ज्यादा बार 200 या इससे ज्यादा के स्कोर बनाने का भी रिकॉर्ड है। आइए टी20 की सबसे मजबूत टीम जानने के लिए इन आठ संभावित मानकों का विश्लेषण करते हैं और एक-एक कर जानते हैं कि हर आंकड़ों में कौन सी टीम सबसे मजबूत है…

1. टी20 विश्व कप का खिताब सबसे ज्यादा बार

अब तक खेले जा चुके नौ संस्करणों में तीन टीमों ने दो-दो बार खिताब जीता है। इनमें वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और भारत शामिल हैं। टीम इंडिया मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन भी है। भारत ने 2024 के टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया था। अब तक छह अलग-अलग टीमें टी20 विश्व कप का खिताब जीत चुकी हैं। इनमें वेस्टइंडीज एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने कभी भी टी20 विश्व कप का फाइनल नहीं हारा है।वहीं भारत और इंग्लैंड को एक-एक बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें दो-दो बार फाइनल हार चुकी हैं। इस तरह फाइनल हार के लिहाज से देखें तो वेस्टइंडीज, भारत और इंग्लैंड संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका दूसरे स्थान पर मौजूद हैं।

2. टी20 में सबसे ज्यादा 200+ के स्कोर

आदर्श रूप से क्रिकेट को बल्ले और गेंद के बीच संतुलन का खेल माना जाता है, लेकिन टी20 क्रिकेट आधुनिक दौर का ऐसा प्रारूप बन चुका है, जहां बल्लेबाजों का दबदबा साफ तौर पर नजर आता है। लगातार छक्के लगाना और बड़े स्कोर खड़े करना अब किसी भी मजबूत टीम की पहचान बन चुका है।टी20 क्रिकेट में इस पैमाने पर भी टीम इंडिया सबसे आगे है। भारत ने अब तक 46 बार 200 या उससे अधिक रन का स्कोर खड़ा किया है। इतना ही नहीं, भारतीय टीम चार बार 250 से ज्यादा रन भी बना चुकी है, जो उसकी आक्रामक बल्लेबाजी की ताकत को दर्शाता है।दुनिया की कोई भी दूसरी टीम 200 से ज्यादा रन 30 बार भी नहीं बना सकी है। इस सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका ने 28-28 बार 200+ का आंकड़ा पार किया है। वहीं वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीम सिर्फ दो-दो बार ही 250 से अधिक रन बनाने में सफल रही हैं।

3. टी20 में सबसे ज्यादा बार सफल 200+ रन का चेज

क्रिकेट में पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करना अक्सर आसान माना जाता है, क्योंकि उस समय स्कोरबोर्ड का दबाव नहीं होता, लेकिन दूसरी पारी में बड़े लक्ष्य का पीछा करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इस पैमाने पर भी टीम इंडिया सबसे आगे नजर आती है। भारत के खिलाफ 16 बार 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य रखा गया। इन मुकाबलों में मेन इन ब्लू ने 10 बार 200+ रन बनाए और इनमें से रिकॉर्ड आठ मैच जीतने में सफलता हासिल की। यह आंकड़ा दबाव में शानदार प्रदर्शन करने की भारतीय टीम की क्षमता को दर्शाता है। भारत के बाद इस सूची में ऑस्ट्रेलिया का नाम आता है, जिसने सात बार 200+ लक्ष्य का सफल पीछा किया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका ने छह बार 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है।

4. टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत वाली टीम

अब तक खेले गए नौ टी20 विश्व कप में शीर्ष-आठ की लगभग सभी टीमों ने 45 से 55 मुकाबले खेले हैं। इन सभी टीमों के प्रदर्शन की तुलना करें तो टीम इंडिया का जीत प्रतिशत सबसे बेहतर रहा है। भारत ने 52 मैचों में से 35 मुकाबले जीते, जिससे उसका जीत प्रतिशत लगभग 67 प्रतिशत बनता है। इस मामले में भारत सभी टीमों से आगे है।टीम इंडिया के अलावा सिर्फ दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ही ऐसी टीमें हैं, जो टी20 विश्व कप में अपना जीत प्रतिशत 63 प्रतिशत से ऊपर बनाए रखने में सफल रही हैं। इस पैमाने पर देखें तो टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत का प्रदर्शन सबसे दमदार रहा है और जीत प्रतिशत के लिहाज से टीम इंडिया शीर्ष पर काबिज है।

5. टी20 में सबसे बेहतरीन जीत प्रतिशत वाली टीमें

विश्व कप की तरह ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी टीम इंडिया ने अपनी दबदबा बनाए रखा है। दुनिया की सभी शीर्ष टीमों ने अब तक 200 से अधिक टी20 मुकाबले खेले हैं, लेकिन इनमें केवल भारत ही ऐसी टीम है, जिसका जीत प्रतिशत 60 प्रतिशत से ऊपर है। मेन इन ब्लू ने 268 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 67 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं, जो इस फॉर्मेट में उनकी निरंतरता और मजबूती को दर्शाता है। अन्य टीमों की बात करें तो पाकिस्तान इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर काबिज है। इस तरह कुल मिलाकर देखें तो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी भारत का दबदबा साफ तौर पर नजर आता है।

6. टी20 में विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत

क्रिकेट में विदेशी जमीन पर जीत हासिल करना अक्सर सबसे बड़ी चुनौती माना जाता है, लेकिन इस मामले में भी टीम इंडिया सबसे आगे नजर आती है। भारत न सिर्फ इस सूची में नंबर-एक स्थान पर है, बल्कि टीम ने विदेशी जमीन पर खेले गए 165 मैचों में से 66 प्रतिशत मुकाबले जीतकर रिकॉर्ड कायम किया है। यह आंकड़ा भारत की निरंतरता और मजबूती को साफ तौर पर दर्शाता है।वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीमें अपने विदेशी दौरों में केवल 55-55 प्रतिशत मैच ही जीत सकी हैं। इस तुलना से साफ है कि विदेशी परिस्थितियों में भी भारतीय टीम का दबदबा बाकी टीमों से कहीं ज्यादा मजबूत रहा है।

7. टी20 में घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत

आमतौर पर माना जाता है कि घरेलू मैदान पर मैच जीतना विदेशी दौरों की तुलना में आसान होता है, लेकिन टी20 क्रिकेट के नए दौर में ऐसा कहना अब मुश्किल हो गया है। इस बार विश्व कप भारत और श्रीलंका में आयोजित होना है, और ऐसे में घरेलू प्रदर्शन की अहमियत और भी बढ़ जाती है।घरेलू मैदान पर भी टीम इंडिया का रिकॉर्ड सबसे शानदार रहा है। भारत ने 103 मैचों में से 70 मुकाबले जीते, जिससे उसका जीत प्रतिशत लगभग 68 प्रतिशत बनता है। इस मामले में पाकिस्तान भारत के काफी करीब जरूर है, लेकिन फिर भी दोनों टीमों के बीच करीब 0.10 प्रतिशत का अंतर मौजूद है। भले ही अंतर मामूली हो, लेकिन आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि घरेलू मैदान पर भी पाकिस्तान, टीम इंडिया से पीछे ही है।

8. टी20 में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत शतक किस टीम से लगे?

टी20 क्रिकेट अब पूरी तरह से बल्लेबाजों का खेल बन चुका है। इस फॉर्मेट में शतक लगाना अब पहले जितना मुश्किल नहीं रहा, और लगभग हर दूसरे या तीसरे मुकाबले में कोई न कोई बल्लेबाज शतक जड़ता नजर आता है। इसके बावजूद, इस विभाग में भी टीम इंडिया के बल्लेबाज़ सबसे आगे हैं।अब तक भारत के बल्लेबाज टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 25 शतक लगा चुके हैं। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिनके बल्लेबाजों ने 13-13 शतक जमाए हैं। हालांकि टी20 विश्व कप, की बात करें तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है। विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा दो-दो शतक लगाए हैं। वहीं भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने सिर्फ एक-एक शतक ही लगाए हैं।

क्या भारत है टी20 की सर्वश्रेष्ठ टीम?

टीम इंडिया टी20 क्रिकेट के ऊपर दिए गए आठ में से सात मानकों में शीर्ष पर बनी हुई है। कोई शक नहीं कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने उन्हें विश्व कप जीतने में चुनौती दी है। हालांकि, अगर इस बार टीम इंडिया टी20 विश्व कप टूर्नामेंट जीतती है, तो वह आठवें मानक में भी शीर्ष पर पहुंच जाएगी। इसके साथ ही, भारत को हर विभाग में दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीम होने का आधिकारिक दर्जा भी मिल जाएगा।

Detective Agency in Kochi | AIPN Private Detectives

AIPN Private Detectives operates as a reliable detective agency in Kochi, providing discreet and professional investigation services. The agency understands the cultural and commercial...

चुनाव आयोग के आरोपों के बाद ममता बनर्जी ने छोड़ी मीटिंग

#LatestराजनीतिNews #राजनीतिNews #राजनीतिUpdate #राजनीतिNews #BollywoodHindiNews कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची (Voter list) के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और...